समग्र ई-केवाईसी कराना सभी नागरिकों के लिए अनिवार्य, डिप्टी कलेक्टर मंजुषा खत्री ने किया निरीक्षण

नगर पालिका द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान, घर-घर पहुंच रहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता

सुमित जैन 

गुना [जनकल्याण मेल] शासन की सभी शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ नागरिकों को समय पर मिल सके, इसके लिए समग्र आईडी से आधार कार्ड को लिंक कराना अनिवार्य कर दिया गया है। इसी क्रम में मंगलवार को डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी मंजुषा खत्री ने नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे समग्र ई-केवाईसी अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान वे शहर के विभिन्न वार्डों, आंगनवाड़ी केंद्रों और मोहल्लों में पहुंचीं और ई-केवाईसी कार्य की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सीएमओ मंजुषा खत्री ने बताया कि समग्र आईडी की आवश्यकता आज प्रत्येक नागरिक के लिए अनिवार्य हो गई है। चाहे बात शासकीय कर्मचारियों के वेतन भुगतान की हो, पेंशनर्स की पेंशन, छात्रवृत्ति, खाद्यान्न पात्रता पर्ची हो या फिर किसी भी सरकारी योजना का लाभ हर प्रक्रिया में समग्र आईडी से आधार लिंक रहना आवश्यक हो गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन नागरिकों की ई-केवाईसी पूर्ण नहीं होगी, वे शासन की कई योजनाओं से वंचित रह सकते हैं।

डिप्टी कलेक्टर ने बताया कि ई-केवाईसी कार्य को सुगम बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और नगर पालिका कर्मचारियों को घर-घर जाकर ई-केवाईसी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही नागरिकों के लिए नगर पालिका कार्यालय में भी ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है। जो नागरिक चाहें वे अपने मोबाइल से पोर्टल या ऐप के माध्यम से स्वयं भी ई-केवाईसी कर सकते हैं, अथवा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर भी यह कार्य करवा सकते हैं। श्रीमती खत्री ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे शीघ्र समग्र आईडी से आधार कार्ड को लिंक कराएं, ताकि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि यह एक जिम्मेदारीपूर्ण नागरिक कर्तव्य है, जिसे सभी को समय रहते पूरा करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button