किशोरी ने धमकी और वायरल फोटो से दु:खी होकर लगाई फांसी ….
परिजनों ने हनुमान चौराहे पर चक्काजाम कर आरोपी के गिरफ्तारी की मांग ....

गुना [जनकल्याण मेल] शहर के कैंट इलाके के कुशमौदा में एक 17 वर्षीय नाबालिग ने आत्महत्या कर ली। परिवार का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था और सोशल मीडिया पर उसकी निजी तस्वीरें वायरल कर रहा था। इसी मानसिक तनाव के कारण उसने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने बुधवार सुबह हनुमान चौराहे पर चक्काजाम कर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। मृतका के पिता के मुताबिक, आरोपी युवक उनकी बेटी को बार-बार अश्लील मैसेज भेजता था और धमकाता था कि अगर उसने विरोध किया, तो वह उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देगा। हाल ही में उसने यह सामग्री सार्वजनिक कर दी, जिससे लडक़ी तनाव में आ गई थी। परिजनों का कहना है कि आरोपी ने मंगलवार को भी कई बार कॉल किया, लेकिन जब लडक़ी की मां ने फोन उठाया, तो दूसरी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि आरोपी के परिवार ने भी इस मामले में चुप्पी साध रखी थी और कोई कार्रवाई नहीं की। बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी स्थिति नहीं बदली, जिससे लडक़ी बेहद परेशान थी।
मां ने मांगा इंसाफ ….
मृतिका की मां का कहना है, मेरी बेटी को इस हद तक परेशान किया गया कि उसने अपनी जान दे दी। हमने आरोपी को कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। मैं प्रशासन से हाथ जोडक़र विनती करती हूं कि मेरी बेटी को न्याय दिलाया जाए।
मंगलवार शाम को लगाया फंदा ….
परिजनों के अनुसार, घटना मंगलवार देर शाम की है। लडक़ी ने अपने कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिवार के लोगों को इस बारे में पता चला, तो घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर हनुमान चौराहे पहुंचे और सडक़ पर रखकर प्रदर्शन किया।
पुलिस ने शुरू की जांच
कैंट थाना प्रभारी टीआई अनूप भार्गव ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और जांच की जा रही है। परिजनों और स्थानीय लोगों की मांग है कि आरोपी और उसके परिवार को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
____________________
आरोन में बेटी का वीडियो बनाने पर टोका, महिला से मारपीट ..
इधर जिले के आरोन थाना क्षेत्र के तिघराचांच गांव में एक महिला को उस समय गंभीर चोटें आईं, जब उसने एक युवक द्वारा उसकी बेटी का वीडियो बनाने पर आपत्ति जताई। इस घटना को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। चौकी पनवाड़ी हाट से मिली जानकारी के अनुसार फरियादिया राधाबाई पति कप्तान सिंह बंजारा ने शिकायत दर्ज कराई कि गत सुबह करीब 9 बजे वह अपने घर के सामने खड़ी थीं। तभी गांव के कैलाश और उसकी पत्नी सुनीता बंजारा वहां से गुजर रहे थे। राधाबाई ने उनसे उनके बेटे को समझाने के लिए कहा, जो उनकी बेटी की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालता था। इस पर दोनों नाराज हो गए और गाली-गलौज करने लगे। राधाबाई ने जब इसका विरोध किया, तो कैलाश ने पास में पड़ा डंडा उठाकर उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। इसके बाद कैलाश ने दोबारा हमला किया, जिससे उनके हाथ और पैर में भी चोटें आईं। बीच-बचाव करने आई राधाबाई की बेटी वर्षा को सुनीता बंजारा ने थप्पड़ मारकर घायल कर दिया। घटना के दौरान मौके पर सकरीबाई और लीलाबाई मौजूद थीं, जिन्होंने झगड़ा शांत कराया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





