उप मुख्यमंत्री स्कूल के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में हुए शामिल

भोपाल [जनकल्याण मेल] उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल रीवा के ग्राम बहुरीबांध में स्थित जागृति इंटरनेशनल हायर सेकण्डरी स्कूल के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि जागृति इंटरनेशनल स्कूल के संचालन का यह पाँचवा वर्ष है। यह स्कूल इस क्षेत्र में अच्छी गुणवत्ता की शिक्षा की कमी को पूरा कर रहा है। इस तरह के विद्यालय का संचालन होना इस क्षेत्र के लिए नितांत आवश्यक था। छोटे-छोटे बच्चों ने कार्यक्रम में बेहतरीन नृत्य प्रस्तुत किया। यह बच्चों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इससे बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। बच्चों का केवल पढ़ाई में अच्छा होना ही काफी नहीं है बल्कि उन्हें हर गतिविधि में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। इससे उनमें आत्मविश्वास आता है। बच्चों के लिए शिक्षा और संस्कार दोनो आवश्यक है। यह उनके लिए वरदान साबित होता है। उप मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने बड़े-बुजुर्गों का सम्मान करने की भी सीख दी। वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया और शुभकामनाएं दी।  इस अवसर पर विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति, पूर्व विधायक सेमरिया श्री केपी त्रिपाठी, अन्य जनप्रतिनिधिगण, स्कूल की संचालिका मनीषा पाठक, प्राचार्य मोनिका द्विवेदी, शिक्षकगण, विद्यार्थी तथा उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button